- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- रायबरेली
- Raebareli News: ससुराल में चोरी की साजिश में पुत्रवधू निकली शामिल, महिला समेत तीन गिरफ्तार
Raebareli News: ससुराल में चोरी की साजिश में पुत्रवधू निकली शामिल, महिला समेत तीन गिरफ्तार
रायबरेली: डीह थाना क्षेत्र में हुई चोरी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि चोरी की साजिश में घर की ही पुत्रवधू शामिल थी। पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब छह लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 16 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में दक्षिणी गोसाईं निवासी अरविंद गिरि, अमेठी जिले के फुरसतगंज थाना क्षेत्र के हिमाचल का पुरवा निवासी शक्ति यादव और वादी की पुत्रवधू पूनम गिरि शामिल हैं।
पूछताछ में सामने आई पूरी साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पूनम गिरि और पड़ोसी अरविंद गिरि के बीच करीबी संबंध थे। पूनम ने पहले अपने कुछ गहने अरविंद को दिए थे, लेकिन उन्हें वापस न मिलने पर दोनों ने मिलकर ससुराल में चोरी की योजना बनाई। इस योजना में अरविंद के साथी शक्ति यादव को भी शामिल किया गया।
रात में घर के अंदर बुलाकर की चोरी
पुलिस के अनुसार, 13 जून की रात घर के एक सदस्य के बाहर होने का फायदा उठाकर पूनम ने दोनों आरोपियों को घर के अंदर बुलाया। इसके बाद तीनों ने अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली और मौके से फरार हो गए।
खुद ही मचाया चोरी का शोर
वारदात के अगले दिन पूनम ने खुद को अनजान दिखाने के लिए घर में चोरी होने का शोर मचाया, लेकिन पुलिस की गहन जांच और पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
