- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- UP ATS का बड़ा एक्शन: पाकिस्तानी गैंगस्टर से जुड़े कथित नेटवर्क के दो आरोपी गिरफ्तार, सेना और एयरफोर...
UP ATS का बड़ा एक्शन: पाकिस्तानी गैंगस्टर से जुड़े कथित नेटवर्क के दो आरोपी गिरफ्तार, सेना और एयरफोर्स स्टेशन की रेकी का आरोप
लखनऊ/बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) की मेरठ यूनिट ने पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े कथित आतंकी नेटवर्क के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित संचालकों के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के माध्यम से पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी, आबिद जट्ट, हम्माद बरकती और राणा हुसैन के संपर्क में थे। एजेंसी का दावा है कि ये लोग पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के इशारे पर भारतीय युवाओं को आर्थिक लालच देकर देश की एकता, सामाजिक सौहार्द और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों में शामिल करने का प्रयास कर रहे थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों को आबिद जट्ट के पोस्टर बुलंदशहर के विभिन्न इलाकों में लगाने के निर्देश दिए गए थे, ताकि क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बनाया जा सके। एटीएस को आरोपियों के पास से पोस्टर लगाने से जुड़े वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं।
एटीएस के मुताबिक आरोपियों को लखनऊ की सेना छावनी और प्रयागराज स्थित बमरौली एयरफोर्स स्टेशन की रेकी करने का कार्य भी सौंपा गया था। इसके बदले उन्हें 10 हजार रुपये देने का प्रस्ताव दिया गया था।
मामले में लखनऊ स्थित एटीएस थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। एजेंसी के अनुसार इस नेटवर्क से जुड़े पांच मामले पहले से दर्ज हैं और अब तक कुल 15 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
