- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia News: बरात से लौट रहे लोगों पर हमला, घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत; पांच नामजद पर मुकदमा
Ballia News: बरात से लौट रहे लोगों पर हमला, घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत; पांच नामजद पर मुकदमा
बलिया: फेफना थाना क्षेत्र में बरात से लौटते समय हुए हमले में घायल एक किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
आरोप है कि विवाद से नाराज कुछ युवकों ने देर रात बरात लौटने के दौरान राइस मिल के पास घात लगाकर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से किए गए हमले से बरातियों में भगदड़ मच गई और कई लोग घायल हो गए।
हमले में रुपवार गांव निवासी हरिकेवल (37), भरत लाल (28), राकेश कुमार (30), नीतीश कुमार (17) और आदर्श कुमार (16) पुत्र सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद आदर्श की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया।
परिजन आदर्श को उपचार के लिए मऊ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने गोलू, शत्रुघ्न, मनीष, अजय और अमरेंद्र निवासी तिवारीपुर के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। फेफना थानाध्यक्ष अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
