Ballia News : मझौवां मठ को मिला सातवां मठाधीश, वैदिक अनुष्ठान के बीच अनुग्रह नारायण आचार्य का मनोनयन

बलिया। विकास खंड बेलहरी के मझौवां धर्मपुरा गांव स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन मझौवां मठ में गुरुवार को सातवें मठाधीश के मनोनयन का भव्य धार्मिक समारोह आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच आठ वर्षीय अनुग्रह नारायण आचार्य को मठ का सातवां मठाधीश मनोनीत किया गया।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न मठों से आए मठाधीशों, संत-महात्माओं, विद्वान आचार्यों, शिष्यों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुए अनुष्ठानों के बाद नवमनोनीत मठाधीश को मठ की धार्मिक परंपराओं, आध्यात्मिक विरासत और व्यवस्थाओं के संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई।

यह भी पढ़े - बलिया में इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी ने नवागत सीएमओ डॉ. अभय नारायण राय का किया स्वागत

गौरतलब है कि मठ के छठे मठाधीश मकसूदन आचार्य का निधन 9 जून 2025 को हो गया था। उनके निधन के बाद मठ की धार्मिक और प्रशासनिक गतिविधियों के संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। इसके बाद साधु-संतों, ग्रामवासियों, मठ के शिष्यों और विद्वान आचार्यों की सहमति से नए मठाधीश के चयन की प्रक्रिया पूरी की गई।

समारोह में उपस्थित संतों और आचार्यों ने कहा कि मझौवां मठ क्षेत्र की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नए मठाधीश मठ की गौरवशाली परंपराओं और समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाएंगे।

श्रद्धालुओं ने इस अवसर को मठ के लिए नई शुरुआत बताया। उनका कहना था कि मठ लंबे समय से क्षेत्र में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र रहा है तथा यहां आयोजित कार्यक्रमों से लोगों में आध्यात्मिक जागरूकता का प्रसार होता है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए साधु-संतों और मठाधीशों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे दिन मठ परिसर में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि भूपेश सिंह, प्रधान धर्मबीर सिंह, पूर्व प्रधान रामानंद सिंह, राजू तिवारी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, विभिन्न मठों के संत-महात्मा, शिष्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.