- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में ‘टॉवर वाला प्रेम’ फिर चढ़ा परवान, शादी की जिद में युवक 80 फीट ऊंचे बिजली टॉवर पर चढ़ा
बलिया में ‘टॉवर वाला प्रेम’ फिर चढ़ा परवान, शादी की जिद में युवक 80 फीट ऊंचे बिजली टॉवर पर चढ़ा
बलिया : जिले में ‘टॉवर वाला प्रेम’ इन दिनों सिर चढ़कर बोल रहा है। आठ दिनों के भीतर प्रेम प्रसंग में टॉवर पर चढ़ने की यह तीसरी घटना सामने आई है। ताजा मामला नगरा थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां मंगलवार सुबह एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी कराने की जिद को लेकर सड़क किनारे खेत में लगे विद्युत टॉवर पर चढ़ गया।
जानकारी के अनुसार, नगरा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का उसी गांव की एक युवती से पिछले दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजनों को इसकी जानकारी होने पर उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, युवती पर कड़ी निगरानी भी लगा दी गई और युवक से उसका संपर्क सीमित कर दिया गया।
इसी बात से आहत होकर युवक मंगलवार सुबह नगरा-सिसवार मार्ग स्थित एक विद्यालय के पास लगे विद्युत टॉवर पर चढ़ गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से युवक को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया।
घंटों की मशक्कत के बाद युवक किसी तरह नीचे उतरने को तैयार हुआ। सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। युवक ने पुलिस से साफ कहा कि यदि उसकी शादी उस युवती से नहीं हुई, तो वह अपना जीवन समाप्त कर लेगा।
प्रभारी थानाध्यक्ष प्रभाकर शुक्ल ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। साथ ही युवती और उसके परिजनों से भी जानकारी ली गई है।
गौरतलब है कि 13 अप्रैल को सुखपुरा क्षेत्र में भी एक युवती प्रेमी पर शादी का दबाव बनाने के लिए बिजली के टॉवर पर चढ़ गई थी। घंटों बाद प्रेमी के बुलाने पर पुलिस ने उसे नीचे उतारा था। बाद में दोनों की शादी भृगु मंदिर में परिजनों की सहमति से करा दी गई।
वहीं, 19 अप्रैल को बांसडीह क्षेत्र में एक किशोर किशोरी से बात कराने की जिद में बिजली के टॉवर पर चढ़ गया था। पुलिस ने उसे समझाकर नीचे उतारा था और बाद में किशोरी की मां की तहरीर पर मुकदमा भी दर्ज किया गया था।
