Indore News: महिला सिपाही ने की आत्महत्या, किराए के कमरे में फांसी के फंदे पर मिली लाश

इंदौर: इंदौर के बाणगंगा इलाके में 23 वर्षीय महिला सिपाही मानसी मुराडिया ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मानसी ट्रैफिक थाना महू नाका में पदस्थ थीं और बाणगंगा थाना क्षेत्र के कुम्हार खाड़ी में किराए के मकान में रहती थीं। शनिवार रात उनका फोन नहीं उठने पर एक परिचित उनके कमरे पर पहुंचा, जहां मानसी फांसी के फंदे पर लटकी मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मानसी ड्यूटी से लौटकर अपने पिता से बात करने के बाद खाना बनाने चली गई थीं। देर रात तक उनका फोन नहीं उठा, तो उनका दोस्त आयुष उन्हें देखने उनके कमरे पर पहुंचा। वहां मानसी को फांसी के फंदे पर लटका देखकर उसने तुरंत परिवार को सूचित किया।

यह भी पढ़े - कॉन्टिनेंटल टायर्स ने भोपाल में खोला पहला प्रीमियम ड्राइव स्टोर

परिवार की आशंका

मानसी के ताऊ मोहन मुराडिया ने बताया कि उन्हें देर रात इस घटना की जानकारी मिली। परिवार को मानसी की मौत में किसी गड़बड़ी का संदेह है। मानसी के पिता गणेश मुराडिया बस ड्राइवर हैं, उनका एक भाई पोस्ट ऑफिस में कार्यरत है और बड़ी बहन पढ़ाई कर रही है।

घटनास्थल पर हालात

पुलिस को जांच में पता चला कि मानसी एक शादी में जाने की तैयारी कर रही थीं और इसके लिए उन्होंने छुट्टी की बात भी विभाग में की थी। उन्होंने शादी के लिए कपड़े भी खरीद लिए थे और इस बारे में अपने भाई से बात की थी।

संदिग्ध स्थिति

घटना के वक्त मानसी को अस्पताल ले जाने वाला आयुष नामक युवक फिलहाल लापता है और उसका फोन बंद है। उसने अस्पताल में अपनी कोई जानकारी भी दर्ज नहीं कराई।

पुलिस जांच जारी

बाणगंगा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार ने मानसी की आत्महत्या पर सवाल उठाए हैं और गहन जांच की मांग की है। पुलिस आयुष की भूमिका और घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.