- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- गाजीपुर
- Ghazipur Murder News: होटल कारोबारी के बेटे की गोली मारकर हत्या, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
Ghazipur Murder News: होटल कारोबारी के बेटे की गोली मारकर हत्या, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
गाजीपुर। जिले के गौसाबाद स्थित बिंदु होटल के बाहर शुक्रवार रात होटल कारोबारी के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया है।
गार्ड भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए होटल के अंदर गया। इसी दौरान बदमाश होटल के बाहर ही रुके रहे। जब विनीत राय होटल से निकलकर घर जाने के लिए बाहर आए, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने बेहद करीब से कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे विनीत राय की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड शंभू यादव पर भी गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह होटल के अंदर भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीजी वाराणसी जोन और पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए।
पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, संपत्ति विवाद और रंगदारी जैसे विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश के लिए नाकेबंदी की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही मामले के खुलासे की उम्मीद है।
