Ballia News: प्रेम प्रसंग में पत्नी की हत्या, पति और प्रेमिका गिरफ्तार

बलिया। जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। प्रेम संबंध में बाधा बन रही पत्नी की हत्या उसके पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर कर दी। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार मृतका प्रीति की शादी 6 मार्च 2025 को रेवती नगर पंचायत निवासी चुन्नीलाल प्रजापति से हुई थी। 22 मई 2026 को चुन्नीलाल ने प्रीति के मायके वालों को फोन कर बताया था कि वह कहीं चली गई है। बाद में उसने गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी थी।

यह भी पढ़े - बलिया के चार खंड शिक्षा अधिकारियों को मिला पीईएस पद पर प्रमोशन

इसी बीच 24 मई को कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर दियर स्थित झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिला। जांच के दौरान परिजनों ने शव की पहचान प्रीति के रूप में की। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जाता था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेवती निवासी 25 वर्षीय चुन्नीलाल प्रजापति और 21 वर्षीय शोभा चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश और घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस के मुताबिक, 22 मई को शोभा चौरसिया प्रीति को इलाज और घूमाने का बहाना बनाकर अपने साथ ले गई। रास्ते में उसने पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर प्रीति को पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी उसे सुनसान स्थान पर ले गए, जहां चुन्नीलाल ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को झाड़ियों में छिपा दिया और प्रीति के लापता होने की अफवाह फैलाते हुए दो दिन तक खोजबीन का नाटक किया। बाद में चुन्नीलाल ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतका के आभूषण, पर्स, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.