- Hindi News
- मनोरंजन
- महाभारत की सीखों से आधुनिक मातृत्व को समझा रहीं दिव्यांका, जूही और श्रद्धा, ‘हस्तिनापुर के वीर’ से प...
महाभारत की सीखों से आधुनिक मातृत्व को समझा रहीं दिव्यांका, जूही और श्रद्धा, ‘हस्तिनापुर के वीर’ से पहले साझा किए अनुभव
मुंबई। सोनी सब के नए पौराणिक शो ‘हस्तिनापुर के वीर’ के प्रसारण से पहले लोकप्रिय टीवी अभिनेत्रियों दिव्यांका त्रिपाठी, जूही परमार और श्रद्धा आर्या ने आधुनिक मातृत्व और पैरेंटिंग से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि महाभारत के पात्रों और उनकी कहानियों से आज भी माता-पिता को महत्वपूर्ण सीख मिलती है।
जूही परमार ने डिजिटल युग में पैरेंटिंग की चुनौतियों पर बात करते हुए कहा कि माता-पिता को केवल दोस्त ही नहीं, बल्कि मार्गदर्शक और संरक्षक की भूमिका भी निभानी चाहिए। उन्होंने महाभारत का उदाहरण देते हुए कहा कि बच्चों के पालन-पोषण में ‘गांधारी जैसी पट्टी’ नहीं बांधी जा सकती। बच्चों की संगति, सोच और व्यवहार पर लगातार नजर रखना और उन्हें सही दिशा देना बेहद जरूरी है।
वहीं श्रद्धा आर्या ने नई माताओं को मिलने वाली सलाहों और सुझावों की भरमार पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि महाभारत में गुरु द्रोणाचार्य द्वारा अर्जुन की परीक्षा से उन्हें एक महत्वपूर्ण सीख मिली है। जैसे अर्जुन का पूरा ध्यान केवल लक्ष्य पर था, उसी तरह एक मां को भी बाहरी शोर और अनचाही सलाहों के बीच अपने दिल की आवाज और अपने बच्चे की जरूरतों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
अभिनेत्रियों का मानना है कि महाभारत की कहानियां केवल धार्मिक या ऐतिहासिक प्रसंग नहीं हैं, बल्कि आज के जीवन और रिश्तों को समझने का भी सशक्त माध्यम हैं। इन्हीं मूल्यों और भावनाओं को सोनी सब का नया शो ‘हस्तिनापुर के वीर’ दर्शकों के सामने नए अंदाज में प्रस्तुत करेगा।
‘हस्तिनापुर के वीर’ का प्रसारण 2 जून से सोमवार से शनिवार रात 9 बजे सोनी सब पर किया जाएगा।
