UP News: मोबाइल शॉप पर जीएसटी का छापा, 80 करोड़ की बिक्री में टैक्स चोरी की आशंका

पीलीभीत। पूरनपुर स्थित एक मोबाइल शॉप पर शनिवार को जीएसटी विभाग की टीम ने छापेमारी कर बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की आशंका जताई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कारोबारी द्वारा करीब 80 करोड़ रुपये की बिक्री दर्शाई गई, जबकि देय कर के मुकाबले बहुत कम टैक्स जमा किया गया है।

जानकारी के अनुसार स्टेशन रोड स्थित ब्लॉक चौराहा के पास संचालित पारस मोबाइल शॉप के खिलाफ जीएसटी विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर जांच के बाद डिप्टी कमिश्नर जीएसटी अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में टीम ने दुकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा।

यह भी पढ़े - तीन दिन से लापता शिक्षक का खेत में मिला शव, हत्या की आशंका

छापेमारी के दौरान टीम ने दुकान के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेखों और बिलों की जांच की। प्रारंभिक पड़ताल में पता चला कि जीएसटी पंजीकरण के बाद से कारोबारी ने लगभग 80 करोड़ रुपये की बिक्री की है। विभाग के अनुसार इस बिक्री पर करीब 13.50 करोड़ रुपये कर देय बनता है, जबकि रिकॉर्ड में केवल 24 लाख रुपये टैक्स जमा दिखाया गया है।

दुकान संचालक का कहना है कि उसने इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ लेकर कर समायोजन किया है। विभाग अब आईटीसी से संबंधित दस्तावेजों और दावों की भी जांच कर रहा है।

जीएसटी टीम ने दुकान का स्टॉक, क्रय-विक्रय के अभिलेख और अन्य दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि दुकान पर मोबाइल फोन के अलावा टीवी, एसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की बिक्री होती है। साथ ही मोबाइल रिपेयरिंग का कार्य भी किया जाता है। इन सभी गतिविधियों से जुड़े कर रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

डिप्टी कमिश्नर जीएसटी अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में कर अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। आईटीसी के दावों और अन्य अभिलेखों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

फिलहाल देर रात तक जीएसटी विभाग की टीम दस्तावेजों की जांच और मिलान में जुटी रही।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.