हिंदी पत्रकारिता दिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित, कई रक्तदाताओं ने किया महादान

बलिया। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी एवं जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष मंगला प्रसाद सिंह के निर्देशन में किया गया।

शिविर का उद्घाटन ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. रितेश सोनी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के कोषाध्यक्ष एवं जिला समन्वयक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय ने मुख्य अतिथि सहित डॉ. दीपक और डॉ. विनोद का बुके देकर स्वागत किया।

यह भी पढ़े - Road Accident in Ballia : बेकाबू स्कॉर्पियो ने किसान को कुचला, मौके पर मौत

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रितेश सोनी ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने रेडक्रॉस सोसायटी और समाज कार्य विभाग के संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए सभी रक्तदाताओं को बधाई दी।

जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. विनोद कुमार ने भी रक्तदान को मानवता की सेवा बताते हुए कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी समय-समय पर ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करती है, जो समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।

इन लोगों ने किया रक्तदान

शिविर में आदित्य सिंह, प्रियांशु सिंह, धर्मेंद्र सिंह, सागर प्रताप सिंह और रितेश सिंह ने पहली बार रक्तदान किया। वहीं प्रेरक गुप्ता ने 22वीं बार रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया।

इस दौरान सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया गया रक्त

रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से तीन ऐसे मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया गया, जिनके लिए कोई डोनर उपलब्ध नहीं था। इनमें रेवती गायघाट निवासी श्रीमती रुबी देवी, रेवती उत्तर टोला निवासी चंद्रसेन सिंह तथा भटवलिया निवासी राहुल कुमार शामिल हैं। ये सभी मरीज जिला अस्पताल एवं महिला अस्पताल में भर्ती हैं।

कार्यक्रम में रविशंकर तिवारी, अनुपम सिंह, जी.के. दुबे, सभापति विजय शर्मा, अन्नपूर्णानंद तिवारी, अविनाश सिंह नंदन, नितेश पाठक, कमलेश कुमार पांडेय, श्यामजी सिंह, कुसुम देवी, रीना देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.