यूपी के कई शहरों में NIA की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध आतंकी नेटवर्क पर छापेमारी

लखनऊ। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश के कई शहरों में एक साथ छापेमारी कर संदिग्ध आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। लखनऊ, वाराणसी, सीतापुर समेत कई जिलों में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर एजेंसी ने कई लोगों से पूछताछ की और महत्वपूर्ण सामग्री जब्त की है।

सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई एक ऐसे संदिग्ध नेटवर्क की जांच के तहत की गई, जिसके तार सीमा पार बैठे हैंडलरों और देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय स्लीपर सेल से जुड़े होने की आशंका है। जांच एजेंसियों को मिले इनपुट के आधार पर एनआईए की विशेष टीमों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से तड़के ही कई स्थानों पर छापेमारी शुरू की।

यह भी पढ़े - यूपी में भीषण गर्मी का कहर, अगले 48 घंटे बेहद भारी; कई जिलों में रेड अलर्ट

कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं। एजेंसियां इन सामग्रियों की फॉरेंसिक जांच कर नेटवर्क की गतिविधियों और संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि इस मामले का प्रारंभिक खुलासा पंजाब पुलिस की जांच के दौरान हुआ था। मामले की गंभीरता और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की आशंका को देखते हुए जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंप दी गई थी। इसके बाद एनआईए ने नेटवर्क की फंडिंग, संपर्क सूत्रों और स्थानीय सहयोगियों की भूमिका की जांच तेज कर दी।

जांच एजेंसियों के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से हथियार और विस्फोटक सामग्री भेजे जाने की आशंका भी सामने आई थी। इसी आधार पर विभिन्न राज्यों में सक्रिय संभावित मॉड्यूल की जांच की जा रही है।

फिलहाल एनआईए का सर्च ऑपरेशन जारी है। एजेंसी का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े तथ्यों और कार्रवाई की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.