- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- Ballia Crime News : इलेक्ट्रॉनिक दुकान में नकब लगाकर लाखों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस
Ballia Crime News : इलेक्ट्रॉनिक दुकान में नकब लगाकर लाखों की चोरी, जांच में जुटी पुलिस
बलिया। बांसडीह-सहतवार मार्ग स्थित रघुनाथपुर में शुक्रवार की रात चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में नकब लगाकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी शनिवार सुबह होने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
दुकानदार के मुताबिक चोर 23 मिक्सी, 15 सीलिंग फैन, 9 इलेक्ट्रिक प्रेस, 4 एलसीडी टीवी समेत अन्य कीमती सामान उठा ले गए। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
शनिवार सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा तो पीछे की दीवार टूटी देखकर उसके होश उड़ गए। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण गायब थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में नाराजगी और भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
