Ghaziabad News : 50 हजार का इनामी मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में ढेर

गाजियाबाद। खोड़ा कॉलोनी के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले का मुख्य आरोपी और 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश असद शनिवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

गौरतलब है कि 28 मई को खोड़ा थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या चौहान की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इनमें से तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी असद समेत दो आरोपी फरार चल रहे थे।

घेराबंदी के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार शनिवार रात सूचना मिलने पर असद की घेराबंदी की गई। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद बढ़ा था तनाव

सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। परिजनों ने मुख्य आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। बताया जा रहा है कि परिवार ने आरोपी की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग को लेकर कड़ा रुख अपनाया था। घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

दोस्तों के साथ गया था सूर्या

परिजनों के अनुसार बकरीद के दिन सूर्या अपने दो दोस्तों के साथ आरोपियों के बुलावे पर गया था। इसी दौरान विवाद हुआ और उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.