- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- महायज्ञ में दिए गए बयान पर गरमाई राजनीति, भाजपा नेता अजय सिंह का सपा नेता पर पलटवार
महायज्ञ में दिए गए बयान पर गरमाई राजनीति, भाजपा नेता अजय सिंह का सपा नेता पर पलटवार
बलिया। सहतवार में आयोजित महायज्ञ की पूर्णाहुति के दौरान दिए गए एक राजनीतिक बयान को लेकर जिले में सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेता अजय सिंह ने सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए धार्मिक आयोजनों में राजनीतिक बयानबाजी से बचने की नसीहत दी है।
उन्होंने बताया कि यज्ञ में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और राज्यसभा सांसद नीरज शेखर समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए थे और उनका सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। उनके जाने के बाद सपा नेता नीरज सिंह गुड्डू का यह बयान सामने आया कि “हमें सनातन होने का प्रमाणपत्र भाजपा से लेने की जरूरत नहीं है।”
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय सिंह ने कहा कि भाजपा के सामान्य कार्यकर्ता या जनप्रतिनिधि किसी को सनातन होने का प्रमाणपत्र देने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की विधायक केतकी सिंह भी किसी को ऐसा प्रमाणपत्र देने की हैसियत में नहीं हैं।
अजय सिंह ने आरोप लगाया कि जो लोग मंच से यह कह रहे थे कि यह धार्मिक आयोजन है और इसका राजनीति से कोई संबंध नहीं है, वही बाद में राजनीतिक नारेबाजी करने लगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी को राजनीतिक संदेश देना है तो उसके लिए अलग मंच उपलब्ध है, लेकिन धार्मिक आयोजनों का राजनीतिक उपयोग उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि धर्म की आड़ में राजनीति करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है और सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को इस प्रकार की बयानबाजी से बचना चाहिए।
प्रेस वार्ता के दौरान धर्मनाथ सिंह काका, भूलन प्रसाद गुप्ता, विद्या प्रसाद गुप्ता, शिवजी सिंह, भीम सिंह, नगेंद्र पांडेय, बब्बन सिंह, तेज बहादुर सिंह, संजय सिंह, रंजन सिंह, सुनील और निर्भय समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
