‘प्रथाओं की ओढ़े चुनरी: बींदणी’ में जनरेशन लीप, नई कहानी और नए कलाकारों की एंट्री

उत्तर प्रदेश, फरवरी 2026। टेलीविजन शो ‘प्रथाओं की ओढ़े चुनरी: बींदणी’ में जल्द ही जनरेशन लीप के साथ एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। इस लीप के बाद शो की कहानी एक नए दौर में प्रवेश करेगी, जहां परंपराओं और आधुनिक सोच के बीच टकराव को नए अंदाज में पेश किया जाएगा। इसके साथ ही शो में नए कलाकारों की एंट्री भी होगी।

लीप के बाद श्रेया जैन शो में वैष्णवी के किरदार में नजर आएंगी, जबकि कुशाग्र दुआ गर्व उर्फ गन्नू की भूमिका निभाएंगे। इन दोनों पात्रों की कहानी के केंद्र में आने से दर्शकों को एक नई भावनात्मक यात्रा देखने को मिलेगी, जिसमें प्यार, त्याग, अहंकार और सोच की टकराहट प्रमुख रूप से उभरकर सामने आएगी।

यह भी पढ़े - बंधुआ और बाल श्रम मुक्त मध्यप्रदेश बनाना लक्ष्य: श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल

हाल ही में जारी किए गए प्रोमो में लीप के बाद की कहानी की झलक दिखाई गई है। प्रोमो में राजस्थान के एक व्यस्त बाजार का दृश्य है, जहां एक पति अपनी पत्नी की देखभाल करता नजर आता है। इस दृश्य को देखकर वैष्णवी सच्चे प्यार को परिभाषित करती है और मानती है कि प्यार का मतलब किसी की खुशी का ख्याल रखना है। वहीं, गर्व इस व्यवहार को कमजोरी मानते हुए नाराजगी जाहिर करता है और इसे पुरुष के आत्मसम्मान से जोड़कर देखता है। यह दृश्य शो की आने वाली कहानी में विचारों के टकराव की दिशा को स्पष्ट करता है।

अपने किरदार को लेकर श्रेया जैन ने कहा कि राजस्थान की पृष्ठभूमि पर आधारित इस शो का हिस्सा बनना उनके लिए खास है, क्योंकि वह स्वयं राजस्थान से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने कहा कि वैष्णवी का किरदार उनके मूल्यों से जुड़ा हुआ है और वह इसे निभाने को लेकर उत्साहित हैं।

वहीं कुशाग्र दुआ ने बताया कि उनका किरदार गर्व पूरी तरह सकारात्मक या नकारात्मक नहीं है। उन्होंने कहा कि गर्व की सोच, उसका व्यवहार और उसके फैसले कहानी को दिलचस्प बनाएंगे और दर्शकों को एक लेयर्ड कैरेक्टर देखने को मिलेगा।

नए चेहरों, नई कहानी और भावनात्मक मोड़ के साथ ‘प्रथाओं की ओढ़े चुनरी: बींदणी’ का यह जनरेशन लीप दर्शकों के लिए एक नई शुरुआत का वादा करता है।

यह शो हर रोज रात 9 बजे सन नियो चैनल पर प्रसारित होता है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.