- Hindi News
- Top News
- उज्जैन में ‘महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम’ अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. यादव
उज्जैन में ‘महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम’ अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल/उज्जैन : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन में आयोजित ‘महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम’ अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। यह तीन दिवसीय सम्मेलन 3 से 5 अप्रैल तक उज्जैन के समीप डोंगला डिजिटल प्लेनेटेरियम परिसर में आयोजित किया जा रहा है। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री नव-निर्मित उज्जैन साइंस सेंटर का भी लोकार्पण करेंगे।
यह सम्मेलन भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक अंतरिक्ष विज्ञान के समन्वय पर केंद्रित है, जिसमें देश-विदेश के वैज्ञानिक, खगोलविद, शिक्षाविद, शोधार्थी और नीति-निर्माता भाग लेंगे। इसमें स्पेस इकोनॉमी, खगोल विज्ञान, एस्ट्रोफिजिक्स, कॉस्मोलॉजी, भारतीय काल गणना पद्धति और कालचक्र जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
उज्जैन में 15 करोड़ रुपये से अधिक लागत से निर्मित नए साइंस सेंटर में गैलरी ऑन साइंस, आउटडोर साइंस पार्क, इनोवेशन हॉल, स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर, हेरिटेज थीम गैलरी और एग्जिबिट डेवलपमेंट लैब जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा मिलेगा।
सम्मेलन में यूएवी, रिमोट कंट्रोल तकनीक, सैटेलाइट निर्माण, सूर्य के सन स्पॉट का सुरक्षित अवलोकन, टेलीस्कोप से रात्रि आकाश अध्ययन, छात्र-शिक्षक संवाद और अंतरिक्ष तकनीक प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित होंगे।
विशेष आकर्षण के रूप में टेक्नोलॉजी एक्सपो, स्टार्ट-अप कॉन्फ्रेंस, डोंगला वेधशाला भ्रमण, पुस्तक विमोचन, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें इसरो, डीआरडीओ, सीएसआईआर, आईआईटी इंदौर, ब्रह्मोस एयरोस्पेस समेत कई संस्थान अपनी उपलब्धियां प्रदर्शित करेंगे।
सम्मेलन में उज्जैन-डोंगला को वैश्विक मेरिडियन (मध्यान्ह रेखा) के रूप में स्थापित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी। राज्य सरकार उज्जैन को पुनः वैश्विक ‘टाइम स्केल सेंटर’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह आयोजन सिंहस्थ-2028 की तैयारियों, उज्जैन में प्रस्तावित साइंस सिटी और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को नई दिशा देगा।
