टी20 विश्व कप: दुबे और चक्रवर्ती के दम पर भारत ने नीदरलैंड्स को 17 रन से हराया, अजेय अभियान जारी

अहमदाबाद। शिवम दुबे के हरफनमौला प्रदर्शन और वरुण चक्रवर्ती की कसी हुई गेंदबाजी की बदौलत भारत ने टी20 विश्व कप के 36वें मुकाबले में बुधवार को यहां नीदरलैंड्स को 17 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की। दुबे को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 176 रन ही बना सकी। भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने 14 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि शिवम दुबे ने दो विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह को एक सफलता मिली।

यह भी पढ़े - शिवम दुबे की तूफानी 66 रन की पारी से भारत ने नीदरलैंड को दिया 194 रन का लक्ष्य

नीदरलैंड्स की शुरुआत ठीक रही और माइकल लेविट तथा मैक्स ओ’डाउड ने पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़े। छठे ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने मैक्स ओ’डाउड (18 गेंद में 20 रन) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। आठवें ओवर में हार्दिक पंड्या ने माइकल लेविट (24) को पवेलियन भेजा।

इसके बाद बास डि लीडे और कॉलिन ऐकरमैन ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन 13वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने ऐकरमैन (15 गेंद में 23 रन) और आर्यन दत्त (शून्य) को लगातार गेंदों पर आउट कर मैच भारत के पक्ष में मोड़ दिया। अगले ओवर में शिवम दुबे ने बास डि लीडे (23 गेंद में 33 रन) को आउट कर नीदरलैंड्स को पांचवां झटका दिया।

कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स (15) को जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड किया। अंतिम ओवर में दुबे ने जैक लायन (16 गेंद में 26 रन) को आउट कर अपना दूसरा विकेट लिया। नोआ क्रोस 12 गेंद में 26 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन टीम लक्ष्य से दूर रह गई।

इससे पहले, भारत ने शिवम दुबे की 31 गेंदों में 66 रन की तूफानी पारी की मदद से छह विकेट पर 193 रन बनाए थे। दुबे ने बल्लेबाजी के बाद गेंद से भी योगदान दिया और दो विकेट चटकाए।

इस जीत के साथ भारत ने सुपर-8 में जगह पक्की कर ली है। टीम इंडिया अपना पहला सुपर-8 मुकाबला 22 फरवरी को इसी मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.