- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- वाराणसी
- पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों से वाराणसी में लोगों में नाराजगी
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों से वाराणसी में लोगों में नाराजगी
वाराणसी। पांच दिनों के भीतर दूसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से काशी के लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि आमदनी और वेतन पहले जैसे ही हैं, लेकिन गैस, पेट्रोल, डीजल और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे घर चलाना मुश्किल हो गया है।
मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव शोभित विश्वकर्मा ने बताया कि पेट्रोल-डीजल के साथ खाने-पीने की चीजों की कीमतों में भी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि जो खाना पहले 80 से 90 रुपये में मिल जाता था, अब वही 110 से 120 रुपये में मिल रहा है। दूध समेत अन्य जरूरी सामान भी महंगे हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री, विधायक और सांसदों को अपने वेतन में कटौती कर आम जनता की परेशानी समझनी चाहिए।
वहीं, महमूरगंज स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंची चार्टर्ड अकाउंटेंट शिवांगी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से हर वस्तु की कीमत बढ़ जाती है। इसका सबसे ज्यादा असर मध्यम और निम्न वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सीमित आय वाले लोगों के लिए बढ़ती महंगाई का सामना करना मुश्किल होता जा रहा है और सरकार की ओर से कोई प्रभावी आर्थिक नीति नजर नहीं आ रही है।
