- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग पर डीएम सख्त, खराब प्रदर्शन वाले विभागों को लगाई फटकार
सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग पर डीएम सख्त, खराब प्रदर्शन वाले विभागों को लगाई फटकार
बलिया : जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक की। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की रैंकिंग ‘सी’ तथा नई सड़कों के निर्माण कार्य की रैंकिंग ‘बी’ आने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।
लंबित परियोजनाओं को जुलाई तक पूरा करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था जल निगम नगरीय को निर्देश दिया कि सभी लंबित परियोजनाओं का कार्य जुलाई माह तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए।
पर्यटन विभाग की दो लंबित परियोजनाओं पर भी उन्होंने नाराजगी जताते हुए अगले माह तक कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वहीं यूपीपीसीएल द्वारा परियोजनाएं शुरू न किए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई।
समीक्षा में सामने आया कि उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम की दो, उत्तर प्रदेश जल निगम की दो, आवास विकास की एक तथा बेसिक शिक्षा विभाग की एक परियोजना लंबित है। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में कुल आठ विभागों की परियोजनाएं अधूरी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा न होने पर संबंधित अधिकारियों और संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आईजीआरएस शिकायतों पर भी जताई नाराजगी
बैठक में जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। शिकायतकर्ताओं से फीडबैक न लेने पर उन्होंने कई विभागों को फटकार लगाई।
समीक्षा में पाया गया कि जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा 38, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता द्वारा 60 तथा जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा 301 शिकायतकर्ताओं से फीडबैक नहीं लिया गया। इसके अलावा जिला पंचायत राज विभाग के चार, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के 11 तथा सीएमएस के दो मामलों में भी फीडबैक नहीं लिया गया था।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी विभाग प्रतिदिन कम से कम 10 शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लें और शिकायतकर्ता के साथ फोटो लेकर उसे आईजीआरएस पोर्टल पर निस्तारण आख्या के साथ अपलोड करें। उन्होंने कहा कि यदि 75 प्रतिशत से कम फीडबैक प्राप्त हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, सीआरओ त्रिभुवन, डीडीओ आनंद प्रकाश सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
