- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- वाराणसी
- भीषण गर्मी के बीच काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, राहत के विशेष इंतजाम
भीषण गर्मी के बीच काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, राहत के विशेष इंतजाम
वाराणसी। भीषण गर्मी और हीट वेव के बावजूद बाबा श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर न्यास की ओर से दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत देने हेतु विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि श्रद्धालुओं के पैरों को गर्म फर्श से बचाने के लिए पूरे धाम परिसर में उच्च गुणवत्ता वाली जूट मैट बिछाई गई है। वहीं दर्शन मार्ग पर छाया के लिए जर्मन हैंगर और टेंसाइल स्ट्रक्चर लगाए गए हैं। वातावरण को ठंडा बनाए रखने के लिए मिस्ट फैन भी स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि वाराणसी समेत पूरे क्षेत्र में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। इसके बावजूद प्रतिदिन औसतन करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए धाम पहुंच रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए धाम परिसर में शुद्ध आरओ वाटर कूलर लगाए गए हैं। जिन स्थानों पर वाटर कूलर उपलब्ध नहीं हैं, वहां बड़े मटकों में ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। मंदिर कर्मी श्रद्धालुओं को लगातार पेयजल उपलब्ध करा रहे हैं।
मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अत्यधिक गर्मी वाले दोपहर के समय दर्शन के लिए आने से बचें तथा घर से भोजन और पर्याप्त पानी ग्रहण कर ही यात्रा शुरू करें। विशेष रूप से वृद्ध, अशक्त और अस्वस्थ लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
