चंद्रशेखर जन्मशताब्दी वर्ष में ‘यंग इंडियन’ पर संगोष्ठी की तैयारियां तेज

बलिया : ‘यंग इंडियन’ केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि एक ऐसी विचारधारा और आंदोलन का प्रतीक रही है, जिसने विशेष रूप से युवाओं की सोच, आकांक्षाओं और आवाज़ को अभिव्यक्ति देने का कार्य किया। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर उन्हें स्मरण करते हुए आगामी 28 मई को बलिया में एक विशेष संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।

चंद्रशेखर जन्मशताब्दी समारोह आयोजन समिति, बलिया के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम स्थल बापू भवन टाउन हॉल का निरीक्षण सिटी मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा ने किया। इस दौरान आयोजन समिति के सदस्य अनिल सिंह, आशीष प्रताप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़े - जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति का नाम बदलकर ‘दृष्टि’ किया गया

निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्यों ने बताया कि बापू भवन 1942 के आंदोलन की कई ऐतिहासिक घटनाओं का साक्षी रहा है और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर का भी इस स्थल से विशेष लगाव था। उन्होंने भवन की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए इसके जीर्णोद्धार की मांग की। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और आगंतुकों की सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की गई। आयोजन समिति के अनुसार संगोष्ठी में पत्रकारिता, लोकतंत्र, युवा चेतना और चंद्रशेखर के वैचारिक योगदान पर विशेष विमर्श किया जाएगा।

समिति का कहना है कि यह आयोजन युवाओं को वैचारिक रूप से जागरूक करने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.