- Hindi News
- मनोरंजन
- डिश टीवी ने लॉन्च किया ‘वीजेडवाई एंटरटेनमेंट इकोसिस्टम’, एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेगा पूरा मनोरंजन
डिश टीवी ने लॉन्च किया ‘वीजेडवाई एंटरटेनमेंट इकोसिस्टम’, एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेगा पूरा मनोरंजन
इंदौर। भारत में बदलते मनोरंजन अनुभव को आसान बनाने के उद्देश्य से डिश टीवी इंडिया लिमिटेड ने ‘वीजेडवाई एंटरटेनमेंट इकोसिस्टम’ लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि यह देश का पहला ऐसा एकीकृत प्लेटफॉर्म है, जो स्ट्रीमिंग ऐप्स, लाइव टीवी और प्रीमियम कंटेंट को एक ही जगह उपलब्ध कराएगा।
यह प्लेटफॉर्म मोबाइल और स्मार्ट टीवी दोनों पर इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसमें एक साइन-इन और एक बिल के जरिए लाइव टीवी, ओटीटी ऐप्स, क्रिएटर कंटेंट और विज्ञापन आधारित मुफ्त वीडियो सेवाएं उपलब्ध होंगी।
वीजेडवाई इकोसिस्टम दो हिस्सों में काम करेगा। पहला, वीजेडवाई स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म, जिसमें 29 से अधिक ओटीटी ऐप्स, लाइव टीवी चैनल और एवीओडी कंटेंट एक ही जगह उपलब्ध होगा। दूसरा, वीजेडवाई स्मार्ट टीवी इकोसिस्टम, जो गूगल टीवी आधारित प्रीमियम क्यूएलईडी 4के स्मार्ट टीवी अनुभव प्रदान करेगा। इसमें डॉल्बी विजन और डॉल्बी एटमॉस जैसी तकनीकों का भी उपयोग किया गया है।
डिश टीवी के सीईओ और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मनोज डोभाल ने कहा कि आज के दर्शक सिर्फ एक और नया ऐप नहीं, बल्कि बिना रुकावट वाला मनोरंजन अनुभव चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वीजेडवाई भारतीय दर्शकों के लिए मोबाइल से लेकर टीवी तक एक सहज और जुड़ा हुआ अनुभव प्रदान करेगा।
वहीं, डिश टीवी के चीफ रेवेन्यू ऑफिसर सुखप्रीत सिंह ने कहा कि वीजेडवाई का उद्देश्य लोगों को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कंटेंट खोजने की परेशानी से राहत देना और आसान नेविगेशन के जरिए बेहतर मनोरंजन अनुभव उपलब्ध कराना है।
कंपनी ने वीजेडवाई लॉन्च के साथ नया विज्ञापन अभियान भी शुरू किया है, जिसे आईपीएल सीजन के दौरान प्रसारित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य संदेश यह है कि अब दर्शकों को बार-बार अलग-अलग ऐप बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी और पसंदीदा कंटेंट एक ही जगह आसानी से उपलब्ध होगा।
