- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- वाराणसी
- भीषण गर्मी से तप रही काशी, घाटों पर पसरा सन्नाटा; पर्यटक भी परेशान
भीषण गर्मी से तप रही काशी, घाटों पर पसरा सन्नाटा; पर्यटक भी परेशान
वाराणसी। धार्मिक नगरी काशी इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। सोमवार सुबह से ही शहर के प्रसिद्ध घाटों पर सामान्य दिनों की तुलना में सन्नाटा देखने को मिला। चिलचिलाती धूप और तेज गर्म हवाओं ने न केवल काशीवासियों बल्कि यहां आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दोपहर तक तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। मौसम विभाग ने 19 से 21 मई तक लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दो से तीन दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
भीषण गर्मी के कारण काशी घूमने आए पर्यटक और श्रद्धालु होटल व धर्मशालाओं के कमरों में रहने को मजबूर हैं। सिगरा-महमूरगंज क्षेत्र के एक होटल में ठहरे झारखंड के एक परिवार ने बताया कि वे धार्मिक यात्रा पर वाराणसी पहुंचे हैं, लेकिन घाटों पर अत्यधिक गर्मी के चलते भ्रमण करना मुश्किल हो गया है।
वहीं नाविक सोनू साहनी ने बताया कि सुबह के समय घाटों पर घूमने वाले पर्यटकों की संख्या आधी से भी कम रह गई है। कई पर्यटक बोटिंग के दौरान गर्मी से परेशान होकर बीच रास्ते में ही अन्य घाटों पर उतर जा रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्ग श्रद्धालुओं और छोटे बच्चों को हो रही है।
