‘बुंदेली शेफ सीज़न-4’ जल्द होगा शुरू, बुंदेलखंड के स्वाद और प्रतिभा को मिलेगा नया मंच

इंदौर। बुंदेलखंड की पारंपरिक पाक कला और महिलाओं की प्रतिभा को मंच देने वाला ‘बुंदेली शेफ’ अब अपने चौथे सीज़न के साथ लौटने जा रहा है। इस बार प्रतियोगिता को पहले से अधिक भव्य और रोमांचक बनाने की तैयारी की गई है।

आयोजकों के अनुसार, ‘बुंदेली शेफ सीज़न-4’ में प्रतिभागियों के चयन के लिए तीन बड़े ऑडिशन राउंड आयोजित किए जाएंगे। चयनित प्रतिभागियों को क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और ग्रैंड फिनाले तक पहुंचने का अवसर मिलेगा, जहां वे अपनी पाक कला का प्रदर्शन करेंगी।

यह भी पढ़े - पुणे में हैवानियत की हदें पार: पति ने पत्नी पर ढाया अत्याचार, गुप्तांग पर डाला तेजाब

बुंदेलखंड 24x7 के संस्थापक डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि इस मंच की शुरुआत केवल एक कुकिंग प्रतियोगिता के रूप में नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की प्रतिभाशाली महिलाओं को पहचान दिलाने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन सीज़नों में इस मंच ने कई महिलाओं को आत्मविश्वास और नई पहचान दी है।

उन्होंने कहा, “आज ‘बुंदेली शेफ’ सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की संस्कृति, परंपरा और स्वाद का उत्सव बन चुका है। सीज़न-4 में दर्शकों को नए चेहरे, नई कहानियां और अनोखे स्वाद देखने को मिलेंगे।”

पिछले सीज़नों में कई प्रतिभागियों ने अपने हुनर से पहचान बनाई। पहले सीज़न की विजेता शमिता सिंह रहीं, जबकि दूसरे सीज़न में ज़हीदा परवीन ने खिताब अपने नाम किया। वहीं हाल ही में सम्पन्न हुए तीसरे सीज़न में शाजिदा अमीर विजेता बनीं।

आयोजकों का कहना है कि ‘बुंदेली शेफ’ अब महिलाओं के आत्मविश्वास, परंपरा और बुंदेलखंड की मिट्टी की खुशबू को नई पहचान देने वाला मंच बन चुका है। सीज़न-4 को लेकर लोगों में अभी से उत्साह देखा जा रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.