सुलतानपुर में प्रेमी ने पति की गला रेतकर हत्या की, पत्नी हिरासत में

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में महाशिवरात्रि के अवसर पर हुए एक पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पत्नी को थप्पड़ मारने से नाराज कथित प्रेमी ने पति की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है।

पुलिस के अनुसार, लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के मदनपुर पनियार (सरैया) गांव निवासी अमित सिंह ने करीब 13 वर्ष पहले शिल्पी से प्रेम विवाह किया था। दंपती के तीन बच्चे हैं। अमित मुंबई में ट्रक चालक के रूप में काम करता था। करीब छह महीने पहले उसकी पहचान सुलतानपुर के कामतागंज निवासी दीपक सिंह से हुई थी, जो उसी क्षेत्र में ट्रक चलाता था।

यह भी पढ़े - बलिया में दो सीडीपीओ समेत आठ कर्मचारी अनुपस्थित, वेतन पर रोक

बताया गया कि दीपक का अमित के घर आना-जाना बढ़ने के दौरान उसकी अमित की पत्नी शिल्पी से नजदीकियां हो गईं। इस बात की जानकारी होने पर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसे परिजनों के हस्तक्षेप से शांत कराया गया था। नवंबर 2025 में अमित पत्नी और बच्चों को सुलतानपुर छोड़कर मुंबई लौट गया था, जबकि इसी दौरान दीपक भी नौकरी छोड़कर सुलतानपुर आ गया और शिल्पी के संपर्क में रहा।

पुलिस ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व के मौके पर 13 फरवरी को अमित घर आया था। रविवार को वह पत्नी और बच्चों के साथ जनवारी नाथ धाम में दर्शन और मेले में गया। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हो गई और अमित ने गुस्से में पत्नी को थप्पड़ मार दिया। आरोप है कि इस घटना को दीपक ने देख लिया।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार तड़के करीब पांच बजे दीपक अमित के घर में घुसा और अलग कमरे में सो रहे अमित की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद शिल्पी बच्चों को लेकर मायके चली गई और अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। बाद में मृतक के भाई को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने खून से लथपथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सुलतानपुर के पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे दीपक सिंह की संलिप्तता सामने आई है। मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.