वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में मोबिक्विक मुनाफे में लौटी, 593 मिलियन रुपये की सालाना बढ़त दर्ज

लखनऊ, फरवरी 2026। डिजिटल पेमेंट कंपनी वन मोबिक्विक सिस्टम्स लिमिटेड (एनएसई: MOBIKWIK / बीएसई: 544305) ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में मुनाफा दर्ज किया है। कंपनी ने 31 दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही के लिए अपने स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड वित्तीय नतीजों की घोषणा की। बेहतर परिचालन दक्षता, लागत नियंत्रण और पेमेंट्स व वित्तीय सेवा कारोबार में मजबूत प्रदर्शन के चलते कंपनी ने यह उपलब्धि हासिल की।

कंपनी के अनुसार, वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में उसका कर पश्चात लाभ (पीएटी) 40 मिलियन रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही की तुलना में 593 मिलियन रुपये का सुधार है। इस दौरान एबिट्डा 150 मिलियन रुपये रहा, जिसमें सालाना आधार पर 576 मिलियन रुपये का उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया।

यह भी पढ़े - लखनऊ में ट्रेन से कटकर दो युवतियों की मौत, गांव में पसरा मातम

तिमाही के दौरान मोबिक्विक का रेवेन्यू 2,972 मिलियन रुपये रहा, जो सालाना आधार पर आठ प्रतिशत और तिमाही आधार पर छह प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। कंट्रीब्यूशन प्रॉफिट 1,288 मिलियन रुपये रहा, जिसमें सालाना आधार पर 76 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 34 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

पेमेंट्स कारोबार में कंपनी ने लगातार मजबूत प्रदर्शन जारी रखा। वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में पेमेंट्स ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (जीएमवी) 481 अरब रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो सालाना आधार पर 63 प्रतिशत और तिमाही आधार पर 11 प्रतिशत की वृद्धि है। यह लगातार 12वीं तिमाही है जब कंपनी ने पेमेंट्स जीएमवी में नया रिकॉर्ड बनाया।

कंपनी ने बताया कि उसके यूपीआई लेनदेन में सालाना आधार पर 3.2 गुना वृद्धि हुई है, जिसके चलते मोबिक्विक भारत के यूपीआई इकोसिस्टम में सबसे तेजी से बढ़ने वाले शीर्ष पांच ऐप्स में शामिल हो गया है। इस दौरान कंपनी का यूजर बेस बढ़कर 186.6 मिलियन और मर्चेंट बेस बढ़कर 4.79 मिलियन तक पहुंच गया।

वित्तीय सेवा कारोबार में भी मजबूती देखने को मिली। ज़िप ईएमआई जीएमवी सालाना आधार पर 126 प्रतिशत बढ़कर 9,000 मिलियन रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। बेहतर क्रेडिट क्वालिटी और वसूली दक्षता के चलते वित्तीय सेवा से सकल लाभ 372 मिलियन रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 405 प्रतिशत की वृद्धि है। नेट वित्तीय सेवा मार्जिन बढ़कर 4.13 प्रतिशत हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1.05 प्रतिशत था।

कंपनी ने बताया कि कुल आय के अनुपात में फिक्स्ड कॉस्ट वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में घटकर 38 प्रतिशत रह गई, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 42 प्रतिशत थी। इससे परिचालन अनुशासन और लागत नियंत्रण की रणनीति का असर साफ नजर आया।

नतीजों पर टिप्पणी करते हुए मोबिक्विक की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, को-फाउंडर और मुख्य वित्त अधिकारी उपासना टाकू ने कहा कि कंपनी को एक लाभदायक तिमाही की जानकारी साझा करते हुए खुशी है। उन्होंने कहा कि परिचालन दक्षता और नियंत्रित विस्तार की रणनीति के चलते कंपनी को विकास के साथ मुनाफा हासिल करने में सफलता मिली है। टाकू ने कहा कि मोबिक्विक आगे भी जिम्मेदारी के साथ प्लेटफॉर्म का विस्तार करते हुए दीर्घकालिक मूल्य सृजन पर ध्यान केंद्रित करेगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.