- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- आजमगढ़
- आजमगढ़ दीवानी न्यायालय परिसर में बम धमकी से हड़कंप, तीन घंटे चली सघन जांच
आजमगढ़ दीवानी न्यायालय परिसर में बम धमकी से हड़कंप, तीन घंटे चली सघन जांच
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ दीवानी न्यायालय परिसर में सोमवार को बम विस्फोट की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जिला जज को धमकी मिलने की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भारी सुरक्षा बल के साथ मौके पर पहुंचे और एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर को खाली करा लिया गया।
इसके बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमों ने न्यायालय परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया। करीब तीन घंटे तक चली जांच के दौरान कहीं भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
जांच के दौरान अधिवक्ता और फरियादी न्यायालय परिसर के बाहर सड़कों पर मौजूद रहे। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि न्यायालय से प्राप्त सूचना के आधार पर तत्काल एहतियाती कदम उठाए गए और सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू किए गए।
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और धमकी देने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान के लिए जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।
इस घटना के बाद न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। दीवानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभाकर सिंह ने बताया कि परिसर से पहले ही अनधिकृत वाहनों को हटवाया जा चुका है, लेकिन प्रवेश द्वारों पर लगी डिटेक्टर मशीनें अभी तक चालू नहीं हो सकी हैं।
बम धमकी के चलते न्यायिक कार्य प्रभावित हुआ। बाद में जिला जज जयप्रकाश पांडेय से वार्ता के बाद सभी मामलों की अगली सुनवाई की तिथि 21 फरवरी तय की गई। बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं से न्यायालय परिसर में सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
