- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बलिया में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार संविदा बिजली कर्मचारी की मौत
बलिया में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार संविदा बिजली कर्मचारी की मौत
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रसड़ा–मऊ मार्ग पर सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार संविदा बिजली कर्मचारी की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक हवा में उछल गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
बताया गया कि जैसे ही पवन कुमार गढ़िया रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक (ट्रेलर) से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क से उछल गई और पवन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान उसके मोबाइल फोन के माध्यम से की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार के कान में ईयरफोन लगा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस ने कहा कि फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
