- Hindi News
- भारत
- T20 World Cup 2026: भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर-8 में प्रवेश किया
T20 World Cup 2026: भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर-8 में प्रवेश किया
कोलंबो। सलामी बल्लेबाज इशान किशन की आक्रामक अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के अहम ग्रुप मुकाबले में रविवार को यहां पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर-8 चरण में प्रवेश कर लिया। यह टी20 विश्व कप इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की आठवीं जीत है।
भारत की ओर से इशान किशन ने 40 गेंदों पर 77 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 चौके और तीन छक्के शामिल थे। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन का योगदान दिया, जबकि तिलक वर्मा ने 25 और शिवम दुबे ने 27 रन बनाए।
पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन विकेट चटकाए।
पाकिस्तान की पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। हार्दिक पंड्या ने साहिबजादा फरहान को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने सईम अयूब और सलमान अली आगा को सस्ते में आउट कर पाकिस्तान पर दबाव बनाया। अक्षर पटेल ने कप्तान बाबर आजम (5) और उस्मान खान (44) के महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।
मध्यक्रम में वरुण चक्रवर्ती ने 16वें ओवर में अबरार अहमद और फहीम अशरफ को लगातार दो गेंदों पर आउट कर पाकिस्तान की उम्मीदों को लगभग समाप्त कर दिया। कुलदीप यादव ने मोहम्मद नवाज को आउट किया, जबकि तिलक वर्मा ने शादाब खान का विकेट लिया।
पाकिस्तान की पूरी टीम 19 ओवर के भीतर 114 रन पर ढेर हो गई।
इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप चरण में अपनी मजबूत स्थिति को और पुख्ता कर लिया और सुपर-8 में जगह पक्की कर ली। पाकिस्तान की टीम इस हार के बाद टूर्नामेंट में दबाव में आ गई है।
