- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- नोएडा
- गौतमबुद्धनगर में महाशिवरात्रि पर कुट्टू के आटे से फूड पॉयजनिंग, कई लोग बीमार
गौतमबुद्धनगर में महाशिवरात्रि पर कुट्टू के आटे से फूड पॉयजनिंग, कई लोग बीमार
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके में महाशिवरात्रि के मौके पर कुट्टू के आटे का सेवन करने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। बिसरख थाना क्षेत्र की तीन हाउसिंग सोसायटियों में फूड पॉयजनिंग के मामले सामने आए हैं, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
तबीयत बिगड़ने पर कुछ लोगों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के मुताबिक, सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और कुछ लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
बिसरख थाना पुलिस ने सोमवार को बताया कि सुपरटेक इकोविलेज-3 सोसायटी में करीब 15 लोग फूड पॉयजनिंग जैसी शिकायतों से पीड़ित पाए गए हैं, जबकि हिमालय प्राइड और रॉयल कोर्ट सोसायटी के भी कई निवासियों की तबीयत अचानक खराब हुई है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्रत में इस्तेमाल किया गया कुट्टू का आटा खराब या मिलावटी हो सकता है। पुलिस ने जिन दुकानों से आटा खरीदा गया था, उनके विक्रेताओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामले की जानकारी मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। संबंधित आटे के सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोसायटी निवासियों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अस्वस्थता महसूस होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें। मामले की जांच जारी है।
