- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- मिर्जापुर
- मिर्जापुर में पति-पत्नी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, एक साल पहले हुई थी शादी
मिर्जापुर में पति-पत्नी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, एक साल पहले हुई थी शादी
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना क्षेत्र के श्रीपट्टी गांव में सोमवार सुबह एक युवक और उसकी पत्नी ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात दंपति ने परिवार के साथ भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। सोमवार सुबह देर तक जब दोनों कमरे से बाहर नहीं आए तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो दोनों के शव फांसी के फंदे से लटके मिले।
सूचना मिलने पर चील्ह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरे को सील कर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुसाइड नोट में दोनों ने भावुक शब्दों में अपनी अंतिम इच्छा व्यक्त की है। नोट में लिखा गया है कि दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया जाए, उनके माता-पिता को परेशान न किया जाए और परिवार के किसी सदस्य को इस घटना के लिए जिम्मेदार न ठहराया जाए। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सुसाइड नोट वास्तव में दोनों ने ही लिखा है या नहीं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
