बलिया में सड़क हादसे में कक्षा छह का छात्र गंभीर रूप से घायल, ग्रामीणों ने शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाया

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रसड़ा–फेफना मार्ग पर सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में कक्षा छह का छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने परिषदीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक समेत शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विद्यालय को घेर लिया और सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित रहा।

पुलिस के अनुसार, रसड़ा क्षेत्र के उरदैना गांव निवासी मनोज राजभर का 12 वर्षीय पुत्र आशीष रेखहां चट्टी स्थित परिषदीय विद्यालय में कक्षा छह का छात्र है। वह सुबह करीब नौ बजे स्कूल जाने के लिए सड़क पार कर रहा था, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह भी पढ़े - महाकुंभ की ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा प्रयागराज में फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ का ट्रेलर लॉन्च करेंगी

घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रसड़ा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे परिजन छात्र को बेहतर इलाज के लिए मऊ ले गए, जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय के शिक्षक समय से स्कूल नहीं पहुंचते और शिक्षण कार्य में लापरवाही बरतते हैं, जिसके कारण बच्चे सड़क पर असुरक्षित स्थिति में रहते हैं। आक्रोशित ग्रामीणों ने रसड़ा–फेफना मार्ग पर सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ल, क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार गुप्त और उपजिलाधिकारी रवि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को घायल छात्र के बेहतर इलाज और शिक्षकों के खिलाफ जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब एक घंटे बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.