बलिया में एयर कंप्रेसर फटने से महिला की मौत, पति गंभीर रूप से घायल

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बांसडीह कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां वाहनों में हवा भरने वाली एयर कंप्रेसर टंकी फटने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के अनुसार, बांसडीह–सहतवार मार्ग पर केवरा चट्टी स्थित दुकान पर केवरा गांव निवासी रवि कुमार वर्मा (45) दोपहिया और चारपहिया वाहनों में हवा भरने का काम करते हैं। सोमवार दोपहर उनकी पत्नी रेनू देवी (41) घर से खाना लेकर दुकान पर पहुंची थीं और दुकान के अंदर एयर टंकी के पास बैठ गई थीं।

यह भी पढ़े - बलिया में सड़क हादसा: टहल रहे वृद्ध की मौत, गांव में शोक

इसी दौरान रवि कुमार वर्मा चाय लेने बाहर गए हुए थे। चाय लेकर जैसे ही वह दुकान के अंदर पहुंचे, अचानक एयर कंप्रेसर की बड़ी टंकी तेज धमाके के साथ फट गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो दंपती गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसडीह ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने रेनू देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं रवि कुमार वर्मा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर किया गया। बताया गया कि उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल पहुंचकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.