रामपुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के स्वार क्षेत्र में सोमवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव उसके ससुराल के कमरे में रस्सी के फंदे से लटका मिला। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, थाना अजीम नगर क्षेत्र के गांव कुचेटा निवासी डॉ. जलील अहमद की 22 वर्षीय बेटी मुमताज जहां की शादी अप्रैल 2025 में नगर के मोहल्ला चक स्वार निवासी जुनैद पुत्र जाकिर अली से हुई थी। जुनैद वेल्डिंग का काम करता है।

यह भी पढ़े - महाकुंभ की ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा प्रयागराज में फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ का ट्रेलर लॉन्च करेंगी

सोमवार को डॉ. जलील अहमद अपने बेटों के साथ बेटी से मिलने उसकी ससुराल पहुंचे थे। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मुमताज के सोने की बात कहकर उन्हें वापस भेजने की कोशिश की, जिससे मायके पक्ष को संदेह हुआ। परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो मुमताज का शव रस्सी के फंदे से लटका मिला।

घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए।

मृतका के पिता डॉ. जलील अहमद ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.