- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- सीतापुर
- SOG का बड़ा एक्शन: 500 करोड़ की जीएसटी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
SOG का बड़ा एक्शन: 500 करोड़ की जीएसटी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
सीतापुर। उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने करीब 500 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी में संलिप्त एक अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 20 राज्यों में 1,221 फर्जी फर्मों के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) की बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की।
एसओजी प्रभारी इंस्पेक्टर सतेंद्र विक्रम सिंह के नेतृत्व में की गई जांच में सामने आया कि गिरोह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश सहित तमिलनाडु, कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत 20 राज्यों में फैला हुआ है। गिरोह ने एक हजार से अधिक फर्जी फर्मों के जरिए करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी की।
पुलिस ने आगरा जिले के सैंया थाना क्षेत्र से गैंग सरगना सोना उर्फ आशीष, शमसाबाद थाना क्षेत्र के कुलदीप सिंह, शाहगंज थाना क्षेत्र के विवेक कुमार और उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सूरज रावत को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो लाख रुपये से अधिक नकद, हीरे की अंगूठियां, सोने की चेन, एक कार, मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
