- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- लखनऊ आशियाना हत्याकांड: चश्मदीद बेटी को सरकारी गवाह बनाने की तैयारी, जांच में कई सवाल अब भी बाकी
लखनऊ आशियाना हत्याकांड: चश्मदीद बेटी को सरकारी गवाह बनाने की तैयारी, जांच में कई सवाल अब भी बाकी
लखनऊ। आशियाना सेक्टर-एल में पैथालॉजी संचालक व शराब कारोबारी मानवेंद्र सिंह (49) की हत्या के मामले में पुलिस ने घटना की चश्मदीद बेटी कृति सिंह को सरकारी गवाह बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने कृति से विस्तृत पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े कई अहम तथ्य जुटाए हैं।
हाई-प्रोफाइल इस मामले में आशियाना पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि मजबूत केस डायरी तैयार की जा सके। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त असलहा, मौके से बरामद खोखा, कारतूस और मैग्जीन को विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेज दिया है। बैलेस्टिक रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि मानवेंद्र की मौत उसी रायफल से हुई या नहीं।
इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह ने बताया कि आरोपी अक्षत के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) मंगाई गई है, जिससे यह पता लगाया जाएगा कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है। पुलिस ने आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी जब्त कर लिए हैं।
पुलिस को यह बात भी खटक रही है कि गोली चलने की आवाज घर में मौजूद अन्य लोगों या पड़ोसियों को कैसे सुनाई नहीं दी। इस पहलू की भी जांच की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बीते कुछ दिनों से उसका पिता से लगातार विवाद चल रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में अभी कई सवालों के जवाब मिलना बाकी हैं और इन्हें स्पष्ट करने के लिए आरोपी को रिमांड पर लिया जा सकता है। फिलहाल अक्षत को जेल अस्पताल में रखा गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
