मुरादाबाद में नमाज से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, साले पर प्रॉपर्टी विवाद में हत्या का आरोप

मुरादाबाद। नमाज अदा कर घर लौट रहे बिस्कुट फैक्ट्री के मालिक की शुक्रवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों ने साले पर प्रॉपर्टी विवाद में हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जिगर कॉलोनी निवासी मोहम्मद असद (पुत्र अब्दुल हमीद) शुक्रवार शाम करीब सात बजे लाल मस्जिद में तरावीह की नमाज पढ़ने के लिए घर से निकले थे। नमाज के बाद बाइक से लौटते समय थाना नागफनी क्षेत्र में डीएल अस्पताल चौराहे के पास पहुंचते ही उनके साले जफर ने दो अन्य साथियों के साथ उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही असद की मौके पर ही मौत हो गई।

फायरिंग की आवाज सुनकर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, जिसका फायदा उठाकर हमलावर फरार हो गए। सूचना पर थाना नागफनी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल असद को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि असद और उसके साले जफर के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।

मौके पर पहुंचे एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि हत्या की सूचना पर पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.