बड़ा जालिम निकला बलिया का CSP संचालक!

बिजली बिल सुधार और OTS के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

बलिया। सलेमपुर विद्युत उपकेंद्र पर बिजली बिल सुधार और ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) योजना के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में सीएसपी संचालक दीपक राव को शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

नगरा क्षेत्र के दो विद्युत उपभोक्ताओं ने उपखंड अधिकारी (एसडीओ) नगरा जाहिद इकबाल से शिकायत की थी कि पूरा बकाया जमा करने के बावजूद उनके बिजली बिल में भुगतान दर्ज नहीं हो रहा है। देवरिया गांव निवासी ललन राजभर ने जनवरी माह में 16 हजार रुपये जमा किए, लेकिन उन्हें केवल दो हजार रुपये की रसीद दी गई। इसी तरह पिपरा पट्टी निवासी आशा देवी ने ओटीएस के तहत दो हजार रुपये और छह हजार रुपये बकाया राशि जमा की, इसके बावजूद भुगतान सिस्टम में अपडेट नहीं हुआ।

यह भी पढ़े - सब जूनियर नेशनल वॉलीबाल के लिए उत्तर प्रदेश टीम घोषित, बलिया के तीन खिलाड़ी चयनित

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ ने अवर अभियंता (जेई) जयप्रकाश यादव को जांच सौंपी। जांच के दौरान सलेमपुर उपकेंद्र पर तैनात सीएसपी संचालक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जब रिकॉर्ड खंगाले गए तो बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी की पुष्टि हुई।

इसके बाद एसडीओ और जेई, पीड़ित उपभोक्ताओं को साथ लेकर नगरा थाने पहुंचे और साक्ष्यों के साथ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसडीओ जाहिद इकबाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में करीब एक लाख रुपये की ठगी सामने आई है, जबकि लगभग 30 लाख रुपये तक के गोलमाल की आशंका जताई जा रही है। ओटीएस योजना से जुड़ी पूरी सूची मंगाकर विस्तृत जांच की जा रही है।

प्राथमिक जांच में 40 से अधिक उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी की बात सामने आई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.