Road Accident in Ballia : सड़क हादसे में संविदाकर्मी की मौत, बाइक सवार पर केस दर्ज

बलिया। सड़क दुर्घटना में परिवहन विभाग में संविदा पर तैनात कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शहर के बालेश्वर घाट निवासी 58 वर्षीय सुनील कुमार एआरटीओ कार्यालय जीराबस्ती में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार को वह घर से कार्यालय पहुंचे थे। कार्यालय से किसी कार्यवश बाहर जाते समय बलिया–सिकंदरपुर मार्ग पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

यह भी पढ़े - Ballia News : पूर्व प्रधान हत्याकांड में पूर्व जिला पंचायत सदस्य समेत चार दोषियों को उम्रकैद

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। मृतक के पुत्र सूरज गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.