- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- रामपुर
- Rampur News: प्रेमी से शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों मशक्कत के बाद उतारा गया नीचे
Rampur News: प्रेमी से शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों मशक्कत के बाद उतारा गया नीचे
मिलक (रामपुर): कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लाड़पुर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर गांव के पास लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती ने साफ कहा कि जब तक उसका प्रेमी मौके पर आकर शादी का भरोसा नहीं देगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी।
पुलिस जांच में पता चला कि युवती का कोतवाली क्षेत्र के ही एक युवक के साथ पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का वादा किया था, लेकिन अब वह उससे दूरी बना रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक मनीराम सिंह ने पुलिस टीम, महिला पुलिसकर्मियों और सर्विलांस टीम की मदद से युवक की लोकेशन का पता लगाकर उसे मौके पर बुलवाया। प्रेमी के पहुंचने और बातचीत करने के बाद युवती टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई।
इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली लेकर आई, जहां देर शाम तक विवाह और आपसी सहमति को लेकर बातचीत चलती रही। युवती शादी की मांग पर कायम है, जबकि दोनों परिवारों के बीच भी वार्ता जारी है।
प्रभारी निरीक्षक मनीराम सिंह ने बताया कि युवक और युवती दोनों बालिग हैं। मामले में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। दोनों पक्षों और उनके परिजनों की सहमति के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
