UP Politics: सपा में टूट के दावे पर अखिलेश यादव का पलटवार, बोले- भाजपा का इतिहास दल तोड़ने का रहा

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुभासपा प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने सपा में जल्द बड़े विभाजन की बात कही थी। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह मजबूत है और भाजपा पर प्रलोभन व दबाव के जरिए राजनीतिक दलों को तोड़ने का आरोप लगाया।

बुधवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में सपा के अंदर संभावित असंतोष को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा पहले भी कई दलों को तोड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कई विधायक, विधान परिषद सदस्य और राज्यसभा सदस्य भी पहले भाजपा में गए हैं, जिसके पीछे किसी का स्वार्थ, लालच या डर कारण हो सकता है।

यह भी पढ़े - Lucknow News: जन्नत बार के बाहर हवाई फायरिंग से सनसनी, बाउंसरों से विवाद के बाद मुख्य आरोपी फरार

"डरने वाले पार्टी छोड़ जाते हैं" – अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा, "जो लोग डर जाते हैं, वे अपनी पार्टी छोड़ देते हैं। लेकिन समाजवादी पार्टी हर चुनौती और उतार-चढ़ाव के बावजूद मजबूती से खड़ी रही है। भाजपा से मुकाबला करने के लिए साहसी और दृढ़ निश्चयी लोगों की टीम की आवश्यकता है।"

ओम प्रकाश राजभर ने किया था बड़ा दावा

इससे पहले सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया था कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट हो सकती है और उसके कई नेता भाजपा में शामिल होने की तैयारी में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर यह भी आरोप लगाया था कि सपा के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र सौंपा था, हालांकि उन्होंने कथित पत्र की कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की।

भाजपा के विधायकों पर भी दिया बयान

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह भाजपा को तोड़ने का प्रयास नहीं करेंगे। हालांकि उन्होंने दावा किया कि भाजपा जिस तरह अन्य दलों के नेताओं को अपने साथ जोड़ रही है, उसी तरह उसके अपने कुछ विधायक भी समय आने पर राजनीतिक रुख बदल सकते हैं।

अखिलेश ने कहा कि राजनीति में कई नेता उचित समय आने पर अपने पत्ते खोलते हैं और ऐसे लोगों पर पूरी तरह भरोसा नहीं किया जा सकता।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.