- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बाराबंकी
- Barabanki News: ऑटो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, गड्ढे में पलटा सीएनजी ऑटो; महिला समेत छह घायल
Barabanki News: ऑटो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, गड्ढे में पलटा सीएनजी ऑटो; महिला समेत छह घायल
फतेहपुर (बाराबंकी): फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर बुधवार सुबह गणेश पुरवा गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सवारियों से भरे सीएनजी ऑटो रिक्शा और सामने से आ रही मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे में महिला सहित छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। 108 और 102 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहपुर पहुंचाया गया।
हादसे में कुड़वा बल्लोपुर, थाना मोहम्मदपुर खाला निवासी रिंकी शुक्ला (35) पत्नी रामगोपाल शुक्ला और उनके पुत्र आंचल शुक्ला (18), जो बाइक से दवा लेने फतेहपुर जा रहे थे, गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ऑटो में सवार अनस (18) पुत्र मोहम्मद सलमान निवासी मिर्दही मोहल्ला फतेहपुर, कंगना (32) पत्नी गुड्डू, उनका छह वर्षीय पुत्र शुभम निवासी एंडौरा तथा ऑटो चालक शरीफ (50) पुत्र अजीम उल्ला निवासी सूरतगंज भी घायल हो गए।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रिंकी शुक्ला और आंचल शुक्ला की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि अनस और चालक शरीफ का इलाज जारी है। कंगना और शुभम को मामूली चोट होने के कारण उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. अवधेश कौशल ने बताया कि दो घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है। वहीं पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
