Unnao News: पत्नी की संदिग्ध मौत की खबर सुन सेना के जवान ने की आत्महत्या, परिवारों में मचा कोहराम

उन्नाव: जिले के बीघापुर कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। सेना के मेडिकल कोर में तैनात एक जवान ने पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की सूचना मिलने के बाद अपने तैनाती स्थल पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दोहरे हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

पत्नी की मौत पर मायके पक्ष ने लगाए हत्या के आरोप

जानकारी के अनुसार, बीघापुर कोतवाली क्षेत्र के दादामऊ गांव में सेना के मेडिकल कोर में कार्यरत जवान की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया।

यह भी पढ़े - Unnao News : बाबा मिलन दास हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, एक लाख का था इनामी

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच करने के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

कोलकाता के पानागढ़ में तैनात था जवान

पत्नी की मौत और उससे जुड़े विवाद की जानकारी मिलने के बाद कोलकाता के पानागढ़ में तैनात सैन्य कर्मी ने अपने तैनाती स्थल पर फंदे से लटककर जान दे दी। जवान के इस कदम से परिजनों और परिचितों में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

गांव पहुंचने का इंतजार

जवान का पार्थिव शरीर देर रात अथवा गुरुवार तक उनके पैतृक गांव पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस दोनों घटनाओं से जुड़े तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.