Ballia News: तीन वर्षीय बेटे ने पिता को दी मुखाग्नि, अंतिम संस्कार के समय हर आंख हुई नम

मझौवां (बलिया): सड़क हादसे में जान गंवाने वाले हल्दी थाना क्षेत्र के पचरुखिया गांव निवासी आशुतोष दुबे का शव बुधवार को गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। करुण क्रंदन और चीत्कार के बीच गंगा नदी के पचरुखिया घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां तीन वर्षीय मासूम बेटे ने अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।

जानकारी के अनुसार, पचरुखिया गांव निवासी आशुतोष दुबे (30) पुत्र स्वर्गीय मालिक दुबे दुर्गापुर में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार सुबह ड्यूटी के दौरान उनके ट्रक की सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़े - Ballia News: रसड़ा में पुलिया से टकराई तेज रफ्तार बाइक, एक की मौत, साथी गंभीर घायल

घटना के बाद पुलिस ने आशुतोष के पास मिले पहचान पत्र और मोबाइल के आधार पर परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर उनके चचेरे भाई मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

मृतक अपने पीछे पत्नी सुधा, छह वर्षीय पुत्री आस्था और तीन वर्षीय पुत्र अंकुश को छोड़ गए हैं। अंतिम संस्कार के दौरान दोनों मासूम अपनी मां से लिपटकर रोते रहे, जिससे माहौल और भी गमगीन हो गया।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.