- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- UP News: मुहर्रम पर शक्ति प्रदर्शन नहीं होगा बर्दाश्त, 10-12 फीट से ऊंचे ताजियों की अनुमति नहीं: सीए...
UP News: मुहर्रम पर शक्ति प्रदर्शन नहीं होगा बर्दाश्त, 10-12 फीट से ऊंचे ताजियों की अनुमति नहीं: सीएम योगी
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुहर्रम को लेकर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि यह शोक और मातम का पर्व है, इसलिए इस दौरान किसी भी प्रकार के शक्ति प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन और तेज आवाज वाले डीजे पर सख्ती
निर्धारित मानकों के अनुसार होगी ताजियों की ऊंचाई
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि वे मुहर्रम से पहले विभिन्न समुदायों के लोगों के साथ संवाद स्थापित कर बेहतर समन्वय बनाए रखें। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए और 10 से 12 फीट से अधिक ऊंचे ताजियों की अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान किया जाएगा, लेकिन किसी नई परंपरा को लागू करने की अनुमति नहीं होगी।
हर गांव और वार्ड में होगा योग दिवस का आयोजन
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के तहत 21 जून को प्रदेशभर में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रदेश की 58 हजार ग्राम पंचायतों, 762 नगरीय निकायों और शहरी क्षेत्रों के 14 हजार वार्डों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही अमृत सरोवरों, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों पर भी सामूहिक योगाभ्यास कराया जाए।
20 जून को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग दिवस से पहले 20 जून को शिक्षण संस्थानों के सहयोग से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा सभी पुलिस लाइनों और पीएसी बटालियनों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जनशिकायतों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन जिलों में शिकायतों के निस्तारण की स्थिति संतोषजनक नहीं है, वहां अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करना होगा। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
खाली सीएमओ पदों पर तीन दिन में होगी नियुक्ति
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि जिन जिलों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के पद रिक्त हैं, वहां मेरिट के आधार पर अगले तीन दिनों के भीतर नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
