Badaun News: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को रौंदा; 6 महिलाओं की मौत, 3 घायल

बदायूं: जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सवारियों से भरे ई-रिक्शा को टक्कर मारते हुए रौंद दिया। हादसे में छह महिलाओं की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

भात देने जा रही थीं महिलाएं

जानकारी के अनुसार, मुरावन नगला गांव निवासी डालचंद्र के बेटे कुंवरपाल की शादी तय हुई थी। शादी की रस्म के तहत परिवार की महिलाएं 'भात' मांगने और शगुन देने के लिए गठौना गांव जा रही थीं। इसके लिए गांव के ही सन्नी नामक युवक का ई-रिक्शा बुक किया गया था। ई-रिक्शा में छह महिलाओं समेत कई लोग सवार थे।

रेस लगा रहे ट्रैक्टरों ने बरपाया कहर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बरेली-आगरा हाईवे पर निर्माण कार्य के चलते एक लेन से यातायात संचालित हो रहा था। इसी दौरान मक्का बेचकर लौट रहे दो ट्रैक्टर चालक कथित तौर पर तेज रफ्तार में एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी और उसे रौंदते हुए निकल गया।

हादसा इतना भीषण था कि कई महिलाएं सड़क पर दूर जा गिरीं। मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पांच महिलाओं की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि एक अन्य महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान, पुलिस जांच में जुटी

मृतकों में दूल्हे की मां राजकुमारी (50), भाभी गंगाश्री (30), प्रेमा (32), सरला (32), रेवती (80) और नारायणी (30) शामिल हैं। वहीं ई-रिक्शा चालक सन्नी सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रैक्टर चालकों की तलाश में जुट गई है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.