Mirzapur News: नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

मिर्जापुर: जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के महुलार गांव में एक नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार देर रात की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, महुलार गांव निवासी पिंटू कोल की 22 वर्षीय पत्नी पूनम का शव घर के अंदर खपरैल के बड़ेर में साड़ी के सहारे बने फंदे से लटका मिला। पूनम की शादी करीब 14 से 15 माह पूर्व संतनगर थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में हुई थी।

बताया जा रहा है कि पूनम की कोई संतान नहीं थी। वह अपने पति और सास के साथ गांव में रहती थी, जबकि उसके ससुर रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। वहीं, गांव में घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल है।

सूचना पर पहुंची लालगंज पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.