Ballia News: लापता दोनों किशोरियां औड़िहार जंक्शन से सकुशल बरामद, परिजनों की डांट से घर छोड़कर निकली थीं

बांसडीह (बलिया): परिजनों की डांट से नाराज होकर घर छोड़कर चली गईं 11 और 12 वर्षीय दोनों किशोरियों को पुलिस और जीआरपी की सतर्कता से औड़िहार जंक्शन से सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चियों के मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम दोनों सहेलियां बिना किसी को बताए घर से निकल गई थीं। पहले वे टेंपो से बलिया पहुंचीं और वहां से ट्रेन पकड़कर छपरा (बिहार) चली गईं। छपरा पहुंचने के बाद रास्ता भटक जाने पर दोनों दूसरी ट्रेन से वापस उत्तर प्रदेश के औड़िहार जंक्शन पहुंच गईं।

यह भी पढ़े - Ballia News: तीन वर्षीय बेटे ने पिता को दी मुखाग्नि, अंतिम संस्कार के समय हर आंख हुई नम

औड़िहार स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बेंच पर बैठकर रो रही दोनों बच्चियों पर जीआरपी के एक सिपाही की नजर पड़ी। संदेह होने पर उनसे पूछताछ की गई, जिसमें उनके बांसडीह से लापता होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद जीआरपी ने तत्काल बांसडीह पुलिस को सूचना दी।

उधर, मंगलवार को पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्चियों की तलाश शुरू कर दी थी। सूचना मिलने पर बांसडीह पुलिस परिजनों के साथ औड़िहार पहुंची और दोनों किशोरियों को अपनी सुपुर्दगी में लिया।

प्रभारी निरीक्षक (क्राइम) बांक बहादुर सिंह ने बताया कि बच्चियों का मेडिकल परीक्षण और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.