- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- प्रयागराज
- महाकुंभ की ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा प्रयागराज में फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ का ट्रेलर लॉन्च करेंगी
महाकुंभ की ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा प्रयागराज में फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ का ट्रेलर लॉन्च करेंगी
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में 2025 के महाकुंभ के दौरान सुर्खियों में आईं ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा शुक्रवार को प्रयागराज के माघ मेले में अपनी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ का ट्रेलर लॉन्च करेंगी।
श्री देवरहा बाबा मंच न्यास के शिविर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में फिल्म के निर्देशक सनोज मिश्रा के साथ अमित राव, अभिषेक त्रिपाठी और दिनेश त्रिवेदी भी मौजूद रहेंगे।
निर्देशक सनोज मिश्रा ने बताया कि वह पहले से ही इस फिल्म पर काम कर रहे थे। महाकुंभ के दौरान मोनालिसा के संघर्ष की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने उन्हें फिल्म में अभिनय का अवसर देने का फैसला किया।
मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर की रहने वाली मोनालिसा महाकुंभ में अपने परिवार के साथ माला बेचने आई थीं। उनकी आंखों और सादगी ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा और वह तेजी से वायरल हो गईं। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनकी तस्वीरों वाली टी-शर्ट तक बाजार में बिकने लगीं।
हालांकि, अत्यधिक भीड़ और लगातार लोगों से घिरे रहने के कारण वह परेशान हो गईं और काम करना भी मुश्किल हो गया, जिसके चलते उन्हें महाकुंभ छोड़कर घर लौटना पड़ा। अब मोनालिसा फिल्मी दुनिया में अपने करियर की शुरुआत कर रही हैं।
